वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज जिले के अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूबाड़ी गांव में हुई महिला हत्या कांड का पुलिस ने महज पांच दिनों में सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मृतका का रिश्तेदार भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 की रात बालूबाड़ी गांव में मकई के खेत से एक महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान सनवरी बेगम, पति अंसार आलम, निवासी बालूबाड़ी, वार्ड संख्या-02 के रूप में हुई। इस संबंध में 16 अप्रैल को अर्राबाड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 से अधिक लोगों से पूछताछ की और 15 स्थानों पर छापेमारी की।
जांच में खुलासा हुआ कि मृतका और उसके भैंसुर फजले रब्बी के बीच पुरानी रंजिश थी। आरोपी फजले रब्बी मृतका पर घर बेचकर बाहर जाने का दबाव बना रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने सहयोगी मैनुल हक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने मृतका को जलावन का लालच देकर खेत में बुलाया और मौके का फायदा उठाकर उसे दूसरे खेत में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से मुख्य आरोपी ने स्वयं ही प्राथमिकी दर्ज करा दी थी।
विशेष अनुसंधान दल ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों—फजले रब्बी (55 वर्ष) और मैनुल हक (50 वर्ष)—को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष के लिए मेडिकल और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाने की तैयारी की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



