पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद

वीवीआईपी इलाकों में चेन छिनतई की घटनाओं से दहशत

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। शहर के रिहायशी और वीवीआईपी इलाकों में बाइक सवार अपराधियों के बढ़ते आतंक ने पुलिसिया गश्त और दावों की पोल खोल दी है। ताजा मामला शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली। राजेंद्र नगर रोड नंबर 6, जिसे शहर का बेहद संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल इलाका माना जाता है, वहां अपराधियों ने दिनदहाड़े चुनौती दी है। इस इलाके में कई न्यायिक अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सुप्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा का आवास भी स्थित है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यवसायी परिवार की महिला अपनी बेटी के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने पीछे से झपट्टा मारकर करीब 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली। झपट्टे के दौरान चेन के दो टुकड़े हो गए, जिसका आधा हिस्सा लेकर अपराधी फरार हो गए।

इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष और भय का माहौल है।पटना के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह में छिनतई का ग्राफ तेजी से ऊपर भागा है। कदमकुआं थाना क्षेत्र में महज एक सप्ताह के भीतर छिनतई की 4 से 5 घटनाएं दर्ज की गई हैं। दिनकर चौक पर बीते 19 अप्रैल को दिनकर चौक के पास एक छात्र से सरेराह बैग छीन लिया गया। पॉश इलाके के पाटलिपुत्र, कदमकुआं और राजेंद्र नगर जैसे क्षेत्रों में बाइकर्स गैंग सक्रिय है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्ती केवल कागजों पर सिमट कर रह गई है। अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है, जिससे महिलाएं अब घर से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रही हैं। लोगो का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी न के बराबर है।

अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से गलियों से निकल जाते हैं और पुलिस सीसीटीवी खंगालने तक सीमित रह जाती है। वही जानकारों का मानना है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तत्काल आवश्यकता सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क को और अधिक सघन और फंक्शनल बनाना। बाइक सवार संदिग्धों की सघन तलाशी और मुख्य चौराहों पर पुलिस की तैनाती। अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजकर जनता में विश्वास बहाल करना आवश्यक है।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)