वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
21 अप्रैल 2026 (मंगलवार)। किशनगंज जिला अंतर्गत धरमगंज स्थित भाजपा जिला कार्यालय में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सह किशनगंज जिला प्रभारी श्रीमती गुंजा बैगानी (महिला मोर्चा) ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकसभा में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण विधेयक प्रस्तुत किया गया था।
उन्होंने बताया कि इस प्रस्तावित विधेयक में परिसीमन के साथ-साथ लोकसभा की सीटों में वृद्धि का प्रावधान भी शामिल था, ताकि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अधिक भागीदारी मिल सके। श्रीमती बैगानी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के कड़े विरोध के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़ा विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है, लेकिन विपक्ष की नकारात्मक राजनीति इसमें बाधा उत्पन्न कर रही है। श्रीमती बैगानी ने आगे कहा कि देश की महिलाएं अब इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगी और आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने अपने लंबे शासनकाल के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए।
प्रेस वार्ता के दौरान महिला मोर्चा और भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती सोनी देवी, महामंत्री दुर्गा स्वर्णकार, उपाध्यक्ष मीरा रामदास, नगर अध्यक्ष पुष्पांजलि देवी, सृष्टि कुमारी, रीता देवी, जिला उपाध्यक्ष ज्योति कुमार सोनू, जिला प्रवक्ता राजेश गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी सुबोध माहेश्वरी, मनोज मुजमदार, शुभम राजा सिन्हा, विशाल स्वर्णकार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



