गाजियाबाद, 30 जुलाई। आर्य बंधु परिवार की ओर से यशस्वी आर्या एवं आयुष्मान आर्य के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में लोनी रोड स्थित पंचशील कॉलोनी, भोपुरा के आर्य बंधु परिसर-4 में बुधवार को वैदिक परंपरा के अनुसार भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक विद्वान राजकुमार शास्त्री के ब्रह्मत्व में संपन्न हुए इस महायज्ञ में गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर से सैकड़ों आर्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
महायज्ञ के उपरांत अपने उद्बोधन में राजकुमार शास्त्री ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन दर्शन है। इसमें व्यक्तित्व निर्माण, मनो-आध्यात्मिक विकास, पारिवारिक सुख-समृद्धि, सामाजिक उत्थान तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का गहरा संदेश निहित है। उन्होंने कहा कि यज्ञ मनुष्य के लौकिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार के विकास का श्रेष्ठ माध्यम है।
इस अवसर पर योगनिष्ठ एवं तपोनिष्ठ स्वामी कर्मवीर जी महाराज ने आर्य बंधु परिवार के नवीन कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आर्यों का प्रत्येक शुभ कार्य यज्ञ से प्रारंभ होता है और यज्ञ संसार का सर्वश्रेष्ठ कार्य है। परोपकार के सभी कार्य यज्ञ की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा स्वयं सृष्टि के संचालन के माध्यम से निरंतर यज्ञ कर रहा है और मनुष्य को भी सत्य, सेवा और ईमानदारी के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने व्यापार में ईमानदारी अपनाने और वेदों के सिद्धांतों का अनुसरण करने का संदेश देते हुए कहा कि इससे सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक कुलदीप विद्यार्थी एवं प्रवीन आर्या ने ईश्वर भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
जिला आर्य सभा ग्रेटर नोएडा के प्रधान राकेश आर्य ने कहा कि सत्य, यश और समृद्धि आर्य बंधु परिवार पर निरंतर बरस रही है। उन्होंने सभी से अपने जीवन का सदुपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
समारोह में केंद्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य, महामंत्री महेंद्र भाई, सर्वे भवंतु सुखिनः ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र भाटिया, जिला आर्य सभा के प्रधान विजय कसाना, मंत्री सत्यवीर चौधरी, देवमुनि आर्य, बाबू सिंह आर्य, सत्येंद्र आर्य, आनंद शास्त्री तथा विधायक नंदकिशोर गुर्जर सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में नरेंद्र पांचाल, योगी प्रवीण आर्य, देवेंद्र आर्य, ओमेन्द्र आर्य, प्रमोद चौधरी, डॉ. प्रमोद सक्सेना, सत्यपाल आर्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में आर्य बंधु परिवार के मुखिया ज्ञानेंद्र सिंह आर्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रीति भोज के साथ हुआ।
आर्यसमाज #महायज्ञ #गाजियाबाद #वैदिकसंस्कृति #SwamiKarmveer #RajkumarShastri #AryaBandhuParivar #DelhiNCR #Noida #GreaterNoida #SamajJagran
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



