वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
12 जुलाई। जिले में रविवार को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) तथा केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुईं।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध पद के लिए लिखित परीक्षा जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में आयोजित की गई। वहीं, केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए लिखित परीक्षा जिला मुख्यालय के 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हुई। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई।

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की गई। प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड एवं फोटो पहचान पत्र के सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। समय पर प्रवेश बंद करने तथा कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए कुल 3,000 अभ्यर्थियों को आवंटित किया गया था। इनमें से 1,833 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,167 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी अभ्यर्थी के निष्कासन की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों से शांतिपूर्ण संचालन की खैरियत रिपोर्ट प्राप्त हुई है तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या कदाचार की सूचना नहीं मिली। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी के कारण दोनों भर्ती परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं निष्पक्ष वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



