बिलासपुर। बालभारती पब्लिक स्कूल के कक्षा चौथी के छात्र हरीश ने शतरंज के खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। खेल में निरंतर अभ्यास और रणनीतिक कौशल के बल पर उन्होंने दो अलग-अलग जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।

26 अप्रैल 2026 को आयोजित अंडर-9 बालक वर्ग की प्रतियोगिता में हरीश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 7 जून 2026 को आयोजित अंडर-11 बालक वर्ग की प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर उन्होंने दोहरी सफलता दर्ज की।इन दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हरीश का चयन आगामी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जहाँ वे जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य शलभ निगम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “हरीश की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें विश्वास है कि वह राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।”उन्होंने इस उपलब्धि पर विद्यालय के खेल शिक्षकों को भी बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।विद्यालय में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और गर्व का वातावरण है। शिक्षकों एवं सहपाठियों ने हरीश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



