
हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा) : बरवाला शहर के वार्ड नंबर 6,7 व 8 के मुख्य मार्ग ने काफी लंबे अरसे से सीवरेज व्यवस्था ठप्प होने से गंदे पानी के तालाब का रूप धारण कर लिया है| जिसके चलते वार्डवासियों, राहगीरों व वाहन चालकों को अनेक दिक्कतें झेलनी पड़ रही है| इस समस्या से त्रस्त वार्डवासियों मोहन लाल आर्य, डॉ सुरेंद्र चौहान, दलबीर आर्य, सुलोचना, ईश्वर सिंह, भूप सिंह, श्याम लाल, ऋषि आर्य व ताराचंद आदि ने बताया कि बरवाला शहर के वार्ड नंबर 6, 7 व 8 के मुख्य मार्ग के सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे हैं| सीवरेजो का गंदा पानी बाहर सड़कों पर एकत्रित हो रहा है| इन सीवरेजो के ढक्कन खुले हुए पड़े हैं| इन सीवरेजो के ढक्कन खुले होने की वजह से किसी भी समय बड़ा हादसा घटित हो सकता है| यह मुख्य मार्ग सिविल अस्पताल समेत सरकारी व निजी स्कूलों की ओर जाता है| स्कूली बच्चे व स्कूली बस चालक सीवरेज व्यवस्था ठप्प होने व गंदे पानी की निकासी ना होने के चलते अपने आप को असहाय महसूस कर रहे हैं| इस मुख्य मार्ग से वाहन चालकों व राहगीरों का आवागमन बंद हो गया है| वार्डवासी भी अपने-अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं| इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु इन वार्डवासियों द्वारा जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष कई बार गुहार लगाई जा चुकी है परंतु अभी तक इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया है| इन वार्डवासियों ने प्रशासन से वार्ड नंबर 6,7 व 8 के मुख्य मार्ग की सीवरेज व्यवस्था यथाशीघ्र सुचारू करवाए जाने की मांग की है ताकि वार्डवासियों, राहगीरों व वाहन चालकों को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके|
क्या कहते हैं जेई :- जब इस बारे जनस्वास्थ्य विभाग बरवाला के जेई रमेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि एक-दो दिनों में इस मार्ग से गंदे पानी की निकासी करवा दी जाएगी| स्थाई तौर पर इस गंदे पानी की निकासी करवाने हेतु इस मार्ग में नई लाइन बिछाई जाएगी जिसके लिए टेंडर हो चुके हैं|
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



