पटना में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में दिखा उत्साह, बुजुर्गों ने भी किया बढ़ चढ़कर मतदान

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

बिहार का मतदाता जागरूक: पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं ने कहा— यह बदलाव का अवसर है

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में राजधानी पटना सहित विभिन्न जिलों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

पहली बार मतदान करने पहुंचे अनेक युवाओं ने कहा कि यह सिर्फ वोट डालने का दिन नहीं, बल्कि “बदलाव का अवसर” है। युवा मतदाताओं की उत्साही भागीदारी ने यह संदेश दिया कि अब बिहार का नया मतदाता अपने भविष्य को लेकर गंभीर और सजग है।

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम, वेबकास्टिंग और प्रशासनिक निगरानी के चलते पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रही।

पालीगंज विधानसभा क्षेत्र (संख्या–190) के काब गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या–9 पर 78 वर्षीय महेश प्रसाद सिंह व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि “मैं खास तौर पर मतदान के लिए ही दिल्ली से अपने गांव आया हूँ।”

वहीं, 85 वर्षीय उदयचंद्र सिंह ने कहा कि “चलने में असमर्थ हूँ, पर लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेना मेरा कर्तव्य है।”
काब गांव के ही मतदान केंद्र संख्या–11 पर 98 वर्षीय रामाधार सिंह व्हीलचेयर की मदद से पहुंचे और मुस्कुराते हुए बोले— “मेरे मन में आज भी मतदान करने की लालसा उतनी ही है जितनी जवानी में थी।”

इसी तरह 90 वर्षीय हरिद्वार सिंह को सुरक्षा कर्मियों ने मतदान केंद्र तक पहुँचाने में मदद की।
महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया, जिससे कई बूथों पर महिलाओं की उपस्थिति पुरुषों से अधिक रही।

जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में चल रही यह प्रक्रिया न केवल लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि बिहार का मतदाता अब जागरूक हो चुका है और अपने वोट की ताकत को भलीभांति समझता है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)