बाइक सवार मनचलों ने होटल मालिक पर किया हमला, पिता-पुत्र घायल

दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश

ईचागढ : चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ बाइक सवार मनचलों ने एक होटल संचालक और उनके पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना चांडिल–पुरुलिया मुख्य राज्यमार्ग के न्यू बाईपास रोड पर करीब शाम 5 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल संचालक सपन महतो अपने पुत्र राहुल महतो के साथ होटल में मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे राइडर बाइक सवार युवक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। बीच सड़क पर गिरी बाइक को हटाने के उद्देश्य से सपन महतो और उनका पुत्र मानवता के नाते उनकी मदद करने पहुंचे।

इसी दौरान बाइक सवार युवकों के अन्य साथी वहां पहुंच गए और किसी बात को लेकर उलझ पड़े। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मनचलों ने सपन महतो पर हमला बोल दिया। आरोप है कि एक युवक ने उनके सिर पर किसी कठोर वस्तु (कड़ा) से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े।

अपने पिता को बचाने पहुंचे राहुल महतो पर भी युवकों ने मिलकर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर-शराबा सुनकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ को आता देख हमलावर मौके से भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया और तत्काल चांडिल पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद घायल सपन महतो और उनके पुत्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सपन महतो के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि राहुल को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें लगी हैं।

चांडिल थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फरार अन्य युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह की गुंडागर्दी से आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)