समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के मोकामा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोदन गाछी मोहल्ले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका अन्नु कुमारी का शव उनके ससुराल स्थित घर में फंदे से लटका मिला। इस मामले में दहेज हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अन्नु कुमारी ने लगभग आठ महीने पहले रौशन यादव नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी की थी। शुरूआत में सब कुछ सामान्य दिखा, लेकिन समय बीतने के साथ ससुराल वालों का रवैया बदलने लगा। मृतका की मां माला देवी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये नकद, गोदरेज, पलंग और अन्य घरेलू सामान की मांग की जा रही थी। जब इन मांगों को पूरा नहीं किया गया तो अन्नु को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का यह भी कहना है कि लगातार उत्पीड़न से तंग आकर या साजिश के तहत उसे मार दिया गया और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर मोकामा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पटना से एफएसएल की टीम भी बुलवाई गई, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के पति रौशन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका की मां माला देवी के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने रौशन यादव समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मृत्यु के सही कारण का पता चल पाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



