google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में दो युवकों को अपराधियो ने मारी गोली, एक कि मौत, दूसरा घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने दो दोस्तों को गोली मार दी। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना फतुहा के बांकीपुर से मुड़ेरा जाने वाले रास्ते में अलंग के पास हुई। मृतक की पहचान हरि ओम कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो परसा बाजार थाना क्षेत्र के धमौल गांव के निवासी थे। वहीं घायल युवक रवि कुमार परसा बाजार के ही कुरा गांव का रहने वाला है। दोनों फॉल्स सीलिंग का काम करते थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे। घटना की सूचना मिलने पर फतुहा थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल रवि को तत्काल एनएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि हरि ओम शुक्रवार की शाम 4 बजे घर से निकले थे और शाम 7 बजे तक उनसे आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। सुबह 6 बजे परिवार को घटना की जानकारी मिली। घटनास्थल से हरि ओम की स्प्लेंडर बाइक, सोने की लॉकेट और चांदी का बाला गायब मिला है, जिससे लूटपाट की आशंका प्रबल हो गई है। मृतक के परिजनों का कहना है कि हरि ओम और रवि की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। दोनों मेहनतकश और सीधे-सादे युवक थे। ऐसे में हत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। ग्रामीणों ने भी इस बात पर हैरानी जताई है कि दोनों को उनके गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर ले जाकर गोली मारी गई। इससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि घटना किसी साजिश के तहत अंजाम दी गई हो। वही थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज के अनुसार, अपराधियों की पहचान की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल घायल युवक का इलाज पटना में चल रहा है और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)