google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

बजट 2026: आम आदमी को राहत, विकास विरोधियों को जवाब:डॉ. जटाशंकर पांडे

दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश

ईचागढ़ :भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य, बुद्धिजीवी मंच के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सह शिक्षाविद डॉ. जटाशंकर पांडे ने बजट 2026 को आम आदमी के पक्ष में लिया गया ऐतिहासिक और निर्णायक बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल सरकार का आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि उन ताकतों को करारा जवाब है जो वर्षों तक गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को केवल नारों में उलझाए रखती रहीं।


डॉ. पांडे ने कहा कि बजट 2026 ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता सत्ता बचाना नहीं, बल्कि जनता का जीवन बेहतर बनाना है। महंगाई नियंत्रण, खाद्य सामग्री, दवाइयों, शिक्षा और इलाज को सस्ता करने के प्रावधान यह साबित करते हैं कि सरकार आम परिवारों की रसोई और जरूरतों को समझती है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।


उन्होंने कहा कि किसानों को अब केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि देश की आर्थिक रीढ़ मानते हुए खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने की ठोस नीति लागू की गई है। बीज, खाद, सिंचाई और फसल बिक्री की मजबूत व्यवस्था उन दलों के लिए जवाब है, जिन्होंने किसानों को कर्ज और आत्महत्या के दलदल में छोड़ा।
डॉ. पांडे ने युवाओं को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो लोग आज बेरोजगारी का रोना रोते हैं, उन्होंने अपने शासनकाल में युवाओं को सिर्फ आंदोलन और नारे दिए। बजट 2026 में स्टार्टअप, लघु उद्योग और स्किल ट्रेनिंग के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की स्पष्ट दिशा दिखाई गई है।


उन्होंने कहा कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता को लेकर भी यह बजट मील का पत्थर है। स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन देकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने की नीति, दिखावे की नहीं बल्कि ज़मीनी बदलाव की सोच को दर्शाती है।


डॉ. पांडे ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए प्रावधान यह बताते हैं कि सरकार भविष्य की पीढ़ी में निवेश कर रही है। गांव से लेकर शहर तक सड़क, बिजली, पानी और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने का संकल्प यह साफ करता है कि यह सरकार विकास में भेदभाव नहीं करती।
अंत में उन्होंने कहा कि बजट 2026 ने यह तय कर दिया है कि देश अब तुष्टिकरण और भ्रम की राजनीति से नहीं, बल्कि विकास, राष्ट्रहित और आत्मनिर्भर भारत के रास्ते आगे बढ़ेगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)