google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के फुलवारी शरीफ में सवारी बैठाने को लेकर बस एजेंटों में खूनी संघर्ष, पथराव में यात्री घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी के फुलवारीशरीफ स्थित सोन नहर रोड पर गुरुवार देर शाम बस एजेंटों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सवारी बैठाने की होड़ को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कई यात्रियों को चोटें आई हैं और एक बस के शीशे चकनाचूर हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटना से पाली जाने वाली बसों में यात्रियों को बैठाने को लेकर दो एजेंटों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के चालक, परिचालक और अन्य समर्थक लाठी-डंडों के साथ सड़क पर उतर आए। दोनों ओर से हुई रोड़ेबाजी के कारण बस में बैठे यात्री जान बचाने के लिए नीचे उतरकर भागने लगे।

उपद्रवियों ने एक बस को निशाना बनाते हुए उसके शीशे तोड़ डाले, जिससे यात्री बाल-बाल बचे।स्थानीय लोगों द्वारा ‘डायल 112’ पर सूचना दिए जाने के बाद जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, सभी हमलावर वहां से भाग चुके थे। इस हंगामे के कारण सोन नहर रोड पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और आसपास के दुकानदारों में भय का माहौल देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। फुलवारीशरीफ थाना अध्यक्ष गुलाम मोहम्मद शाहबाज आलम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)