google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के मोकामा टाल में भीषण सड़क हादसा

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से महिला मजदूर की मौत, दो गंभीर

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार के मोकामा स्थित टाल क्षेत्र के बाहापर गांव के समीप गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला मजदूर की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब एक अनियंत्रित ईंट लदे ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।


काम के इंतजार में बैठे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के करीब एक दर्जन मजदूर रबी फसल की कटाई के लिए मोकामा आए हुए थे। वे एक ट्रैक्टर पर अनाज और भूसा लादकर किसान के घर पहुंचे थे और काम शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। तभी मरांची से लखीसराय की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने खड़े वाहन में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर की ट्रॉली पर बैठे मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में पूर्णिया के पटराहा निवासी अरविंद मंडल की पत्नी संजू देवी (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करने आई थीं। वहीं, अन्य मजदूर रूपा देवी और दयाल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दयाल मंडल के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पंचमहला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर रोष जताते हुए प्रशासन से क्षेत्र में वाहनों की गति सीमा तय करने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर कृषि कार्यों में लगे प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और सड़क पर बेखौफ दौड़ते वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)