गंगा-जमुना तहजीब व आपसी भाईचारे के साथ मनाए ईद-ए-मिलाद का पर्व: डीएम

शांति समिति के सदस्यों, दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के संग की शांति समिति की बैठक

मनोज कुमार रोहतास ब्यूरो दैनिक समाज जागरण

जिले के सासाराम मुख्यालय स्थित मल्टीपर्पस हॉल,फजलगंज में रविवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह व पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने शांति समिति की बैठक तथा जॉइंट ब्रीफिंग संयुक्त रूप से किया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह जिला गंगा-जमुना तहजीब को दर्शाने वाला जिला है। यहां वर्षों से हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई सारे धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते आ रहे हैं और अपने-अपने त्योहारों को एक दूसरे से मिलकर हर्षोल्लास के साथ मनाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईद-ए-मिलाद हर्षोल्लास का पर्व है और इसे आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल को निम्नलिखित महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जिस भी जगह से जुलूस निकालना है और जहां तक जुलूस को लेकर जाना है, इसके बारे में प्रशासन को सूचना अवश्य दें और साथ ही जुलूस का लाइसेंस निश्चित रूप से प्राप्त कर लें। लाइसेंस में वर्णित सभी शर्तों का अक्षरशः पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्य समाज के गार्जियन के तौर पर होते हैं। लिहाजा, जब जुलूस निकले तो उनकी मौजूदगी अवश्य होनी चाहिए। उनकी उपस्थिति से किसी भी आपात स्थिति को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा जुलूस में लगाए गए सभी वालंटियर की सूची प्रशासन को आज ही अवश्य उपलब्ध करना सुनिश्चित किया जाए। पर्व त्यौहार में वालंटियर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। जिला प्रशासन वालंटियर के साथ मिलकर सुचारू ढंग से जुलूस को निकालना एवं उनका समापन कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी वालंटियर को जिला प्रशासन के द्वारा फोन करके उनकी जिम्मेदारियां से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी छोटी सी छोटी सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 06184-226072/226093 पर अवश्य दें। यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहता है। इस पर किसी भी आपात स्थिति को लेकर चाहे वह एंबुलेंस का मामला हो या आगजनी का मामला हो या कोई अन्य सूचना दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि 90 फ़ीसदी घटनाएं अफवाहों की वजह से ही होती हैं।लिहाजा, उन्होंने अफवाहें से दूर रहने का सुझाव दिया। उन्होंने मीडिया से अनुरोध करते हुए कहा कि समाज में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और अफवाहों पर अंकुश लगाने में मीडिया बेहतर तरीके से काम कर सकता है। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारी को आज शाम से ही सभी जगहों पर गश्ती करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध है। लिहाजा अगर एक भी डीजे बजता दिखता है तो एसडीएम और एसडीपीओ घटना की वीडियोग्राफी करना तथा दोषी पर एफआईआर दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर की ड्यूटी में लगे सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का वहन करना सुनिश्चित करेंगे। उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्ता,तीनों अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लॉ एंड ऑर्डर की ड्यूटी में लगाए गए सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल मौजूद थे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)