समाज जागरण
चनदौसी/संभल। अखिल भारतीय हिन्दू पर्सनल लॉ बोर्ड की एक महत्वपूर्ण सभा मंगलवार को चनदौसी के घंटाघर स्थित सनातन धर्म पुस्तकालय में सम्पन्न हुई। सभा में केंद्र एवं राज्य सरकार से एम्स (AIIMS) की स्थापना चनदौसी में किए जाने की पुरजोर मांग की गई।
सभा को संबोधित करते हुए बोर्ड के जिलाध्यक्ष चौधरी विवेक कुमार ने कहा कि इस वर्ष के बजट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स बनाए जाने की घोषणा की गई है और भौगोलिक दृष्टि से चनदौसी एम्स के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। उन्होंने कहा कि चनदौसी से गंगा एक्सप्रेसवे गुजरता है और यहां रेलवे जंक्शन भी है, जिससे बदायूं, बरेली, मुरादाबाद, संभल, अलीगढ़, मेरठ, हाथरस सहित कई जिलों की जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि राज्यमंत्री बहन गुलाब देवी द्वारा तहसील चनदौसी में एम्स के निर्माण की मांग किए जाने का हिन्दू पर्सनल लॉ बोर्ड तहेदिल से स्वागत करता है। उनके द्वारा चनदौसी का नाम प्रस्तावित किए जाने से क्षेत्र की जनता में खासा उत्साह है और बोर्ड इस मुहिम में उनके साथ खड़ा है।
सभा में योगेन्द्र मोहन शास्त्री ने कहा कि यदि एम्स चनदौसी में बनता है तो यह चनदौसीवासियों के लिए गर्व की बात होगी और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक सुधार आएगा। इससे गरीब और असहाय वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा।
विनय अग्रवाल ने कहा कि एम्स का निर्माण क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा और आसपास के जिलों की जनता को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
वहीं अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि चनदौसी की जनता को पूरी उम्मीद है कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए एम्स का निर्माण चनदौसी में ही करेगी, जिससे चिकित्सा के क्षेत्र में चनदौसी का नाम पूरे देश में गौरव के साथ लिया जाएगा।
सभा के अंत में बोर्ड के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चनदौसी में एम्स के निर्माण की मांग को शीघ्र स्वीकृति देने की अपील की।
इस अवसर पर ऐड. संजय गुप्ता, योगेन्द्र कुमार वार्ष्णेय, ऐड. मुकेश अग्रवाल, दिनेश चंद्र गुप्ता, योगेन्द्र कुमार शर्मा, कृष्ण गोपाल गुप्ता, आरिफ बेग, ब्रजेश चौहान, राजीव वार्ष्णेय, दिलीप कुमार, प्रदीप खत्री सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



