google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

क्रेशर व्यवसायी की सिर कुचल कर निर्शंस हत्या, क्षेत्र में दहशत का माहौल

खनन क्षेत्र बना खून का मैदान, सीसीटीवी तोड़कर वारदात से हड़कंप

अनिल कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण

ओबरा/ सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के बघमनवा खनन क्षेत्र में शनिवार रात एक क्रेसर व्यवसायी की सिर कुचलकर नृशंस हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है,

वहीं खनन व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

हत्या बघमनवा के पास स्थित क्रेसर प्लांट के समीप बने ऑफिस में की गई, जहां व्यवसायी रोज़ की तरह सो रहे थे। मृतक की पहचान 78 वर्षीय विष्णु हरी उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय केदारनाथ उपाध्याय के रूप में हुई है। वह गिरधर स्टोन से जुड़े थे और प्रसिद्ध क्रेसर व्यवसायी माधव हरि उपाध्याय के सगे भाई थे। मूल रूप से थाना गोपीगंज, जिला भदोही के निवासी विष्णु हरी उपाध्याय ओबरा क्षेत्र में व्यवसाय के चलते बाबा धुलाई शिव नगर कॉलोनी में रह रहे थे।

सिर पर पत्थर से हमला, मौके पर ही मौत

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने भारी पत्थर से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर व्यवसायी की हत्या की। शव ऑफिस के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पीआरबी, ओबरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

सीसीटीवी कैमरे तोड़े गए, चोरी की भी आशंका

घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को हमलावरों ने जानबूझकर क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे वारदात पूर्व नियोजित होने की आशंका और गहरा गई है। पुलिस को चोरी की भी आशंका है, क्योंकि ऑफिस के अंदर सामान बिखरा मिला।

उच्च अधिकारियों ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी सोनभद्र अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

परिजनों में कोहराम, न्याय की मांग

सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों का शव देखकर रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार ने इस हत्या को लेकर गहरी साजिश की आशंका जताई है।

पुलिस का बयान

मौके पर मौजूद एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने बताया—
“मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। प्रथम दृष्टया पत्थर से वार कर हत्या की गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हत्या और चोरी—दोनों बिंदुओं पर जांच चल रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

खनन क्षेत्र की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहा है कि आखिर भारी पुलिस मौजूदगी के दावों के बावजूद अपराधी इतने बेखौफ कैसे हैं?


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)