google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

चांडिल डकैती कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच गिरफ्तार; तीन अन्य की तलाश तेज



दैनिक समाज जागरण

चांडिल। चांडिल बाजार के आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर 9 अक्टूबर की रात हुई डकैती की घटना के उद्भेदन की दिशा में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। सरायकेला-खरसावां और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोरहर थाना क्षेत्र से पांच संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चांडिल की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनबाद के कतरास स्थित श्यामडीह निवासी मोहिउद्दीन अंसारी, सिराजुद्दीन अंसारी और गुलजार अंसारी तथा बोकारो जिले के चंदनकियारी निवासी सोबराती अंसारी और शेख जमील के रूप में हुई है। सभी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि 25-26 सितंबर की रात चौपारण थाना क्षेत्र में वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में परिवार को बंधक बनाकर डकैती की गई थी। इसी मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान चांडिल के सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

आठ लोगों के शामिल होने की बात

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चांडिल में हुई वारदात को अंजाम देने वाली टीम में कुल आठ लोग शामिल थे। इनमें पांच गिरफ्तार आरोपियों के अलावा एक अन्य बाहरी सहयोगी और चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के दो स्थानीय बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन तीनों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

चांडिल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को हजारीबाग जेल से रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात की पूरी योजना, स्थानीय सहयोगियों, लूटे गए सामान और घटना में इस्तेमाल किए गए संसाधनों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गठित टीम इस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले के जल्द खुलासे की उम्मीद है। वहीं, चांडिल बाजार के व्यवसायियों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)