दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
चांडिल: अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में हुए लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को कपाली ओपी अंतर्गत ग्राम डोबो में एक स्थानीय निवासी से रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी देने से इनकार करने पर अपराधियों ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर कपाली ओपी थाना कांड संख्या 203/2025 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के क्रम में कांड में संलिप्त अपराधियों की पहचान की गई। इसी क्रम में आज 14 फरवरी 2026 को कपाली ओपी पुलिस ने छापेमारी कर निर्मल नगर, बिलास बस्ती (दो मुहानी), थाना सोनारी, जिला पूर्वी सिंहभूम से कांड के नामजद आरोपी संतोष गोप उर्फ बावला (उम्र लगभग 28 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी का स्थायी पता जुगिलौंग, झिमड़ी, थाना नीमडीह, जिला सरायकेला-खरसावां बताया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध सोनारी थाना में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी एवं पुलिस बल की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



