समाज जागरण संवाददाता निगोहा
लखनऊ, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से निगोहां कस्बे स्थित बाबू सुंदर सिंह कॉलेज परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं — प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना — के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि इन योजनाओं के माध्यम से युवा कम ब्याज दर पर ऋण एवं अनुदान प्राप्त कर लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित कर सकते हैं।
अधिकारियों ने समझाया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। वहीं मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना विशेष रूप से कुम्हार समुदाय एवं मिट्टी से जुड़े पारंपरिक कार्यों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अवधेश गौतम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण युवाओं को रोजगार के लिए शहरों की ओर पलायन से रोकना और गांवों में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर जागरूकता शिविर आयोजित कर युवाओं को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों के साथ कॉलेज के प्राचार्य, फैकल्टी सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अधिकारियों ने उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।



