वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा रविवार को टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छठव्रतियों ने विभिन्न छठ घाटों एवं जलाशयों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान के साथ अर्घ्य अर्पित किया। व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।
इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचल अधिकारी शशि कुमार एवं थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने संयुक्त रूप से विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पदाधिकारी सुहिया रेतुआ नदी छठ घाट पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
मौके पर बीडीओ अजय कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
संध्या अर्घ्य के दौरान विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही पूरा वातावरण छठी मैया की भक्ति और आस्था में सराबोर नजर आया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



