google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आकर्षक ढंग से सजाए गए छठ घाट, सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
टेढ़ागाछ। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। रविवार को छठव्रतियों ने विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र छठी मैया के पारंपरिक गीतों से भक्तिमय बना रहा।


प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। घाटों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, केले के वृक्षों से सजावट और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसी क्रम में चिल्हनियां पंचायत स्थित सुहिया रेतुआ नदी घाट पर छठव्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। नदी के दोनों किनारों पर केले के वृक्षों से आकर्षक सजावट की गई थी। घाटों पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


टेढ़ागाछ, फुलबरिया, रामपुर, महुआ, बेणुगढ़, मटियारी, खजूरबाड़ी, हवाकोल, खनियाबाद, बीबीगंज, भोजपुर, चरचरिया, बैगना, खुरखुरिया, गम्हरिया, भोरहा एवं पुराना टेढ़ागाछ सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ संध्या अर्घ्य अर्पित किया।
इधर, छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद रहा। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रमुख छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, ताकि छठव्रती एवं श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)