छठ घाटों की तैयारी जोरों पर, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पूरी व्यवस्था
नोएडा समाज जागरण डेस्क
नोएडा। चार दिवसीय छठ महोत्सव का शुभारंभ ‘नहाय-खाय’ के साथ हो चुका है। महोत्सव के पहले दिन छठ व्रतियों ने नहाय-खाय कर इसकी शुरुआत की। यह प्रकृति और स्वच्छता का सुंदर संगम माना जाने वाला पावन पर्व है। नोएडा सहित पूरे देश में इस महोत्सव को मनाने की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं।





नोएडा में हिंडन नदी के किनारे लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, वहीं शहर के विभिन्न सेक्टरों और पार्कों में भी हजारों छठ व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे।
विभिन्न सेक्टरों में छठ घाटों की तैयारी जोरों पर है। नोएडा सेक्टर-21ए स्टेडियम में लगभग 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के एकत्र होने की संभावना है। इसके लिए छठ घाट से लेकर सुरक्षा तक विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि छठ व्रतियों के लिए कपड़ा बदलने के कमरे (चेंजिंग रूम) की व्यवस्था की गई है, जैसा कि हर साल किया जाता है।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। नोएडा पुलिस के अलावा स्वयंसेवक भी सेवा में रहेंगे ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शाम को अर्घ्य देने के बाद जो श्रद्धालु घर लौटने में असमर्थ हैं, उनके लिए ठहरने की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही रातभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला भी जारी रहेगा। इसके अलावा समिति के द्वारा एक क्विंटल ठेकुआ की व्यवस्था है जो कि प्रसाद स्वरूप दिए जायेंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



