नोएडा, 24 अक्टूबर 2025 | समाज जागरण
अखिल भारत हिन्दू महासभा एवं अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ॰ मुन्ना कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर 27 अक्टूबर (कार्तिक शुक्ल षष्ठी) को छठ पूजा के अवसर पर पूरे देश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।
डॉ॰ शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि छठ पर्व भगवान सूर्य उपासना का महानतम पर्व है, जिसमें व्रतधारी महिलाएँ एवं पुरुष चार दिनों तक विशेष नियमों का पालन करते हैं। इस दौरान वे 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर कठोर तपस्या करते हैं। उन्होंने कहा कि छठव्रती और उनके परिवार के सदस्य व्रत, पूजा-पाठ, प्रसाद निर्माण और स्वच्छता में अत्यधिक व्यस्त रहते हैं, इसलिए इस दिन राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाना उचित होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि जैसे बिहार, झारखंड, दिल्ली और उत्तराखंड में पहले से ही अवकाश घोषित है, वैसे ही अन्य राज्यों में भी इसे लागू किया जाए ताकि देशभर के श्रद्धालु इस पर्व को श्रद्धा एवं सुविधा से मना सकें।
डॉ॰ शर्मा ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी पत्र भेजा है।
नोएडा में छठ की तैयारियाँ जोरों पर हैं। डॉ॰ मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि सेक्टर-75 के गोल्फसिटी, प्लॉट-8 पर छठ घाट का निर्माण पूर्ण हो चुका है। घाट के पास सूर्यपिंड बनाया गया है और स्वच्छ जल, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की गई है।
इस बार श्री सूर्यदेव पूजा समिति, सेक्टर-75, सेंट्रल पार्क द्वारा श्री छठ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष डॉ॰ शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए 60 फीट लंबा, 25 फीट चौड़ा और 4 फीट गहरा तालाब तैयार किया गया है।
आज से नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ होगा।
कल कार्तिक शुक्ल पंचमी को व्रतधारी खरना की पूजा करेंगे।
इसके बाद 27 अक्टूबर की सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 28 अक्टूबर की प्रातःकाल उदीयमान सूर्यदेव को दूध और जल से अर्घ्य दिया जाएगा। पूजा और अर्घ्य के उपरांत छठव्रती अपना 36 घंटे का व्रत पूर्ण करेंगे और पारण के साथ महापर्व का समापन होगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



