नोएडा, 24 अक्टूबर 2025 | समाज जागरण भारतीय किसान संगठन के महानगर अध्यक्ष दीपू यादव के नेतृत्व में आज किसानों ने प्रदेश में खाद और बीज की किल्लत तथा वितरण व्यवस्था में हो रही अव्यवस्थाओं के विरोध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट नोएडा विवेक कुमार भदौरिया को सौंपा।
संगठन ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के आँकड़ों के अनुसार खाद और बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, फिर भी ज़मीनी स्तर पर किसानों को सोसायटियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। कई स्थानों पर किसानों को घंटों इंतज़ार करना पड़ता है, जिससे उनकी खेती की तैयारी प्रभावित हो रही है।
दीपू यादव ने कहा कि जब सरकार के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है, तो सोसायटी कर्मचारी वितरण में सुचारू व्यवस्था क्यों नहीं कर पा रहे, यह जांच का विषय है। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते उचित प्रबंध नहीं किए गए तो रबी की फसलों की तैयारी पर असर पड़ेगा।
संगठन ने मांग की कि सरकार किसानों को खाद व बीज की सुगम और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि उन्हें लाइनों में खड़ा न होना पड़े और वे फसल बुवाई की तैयारी निश्चिंत होकर कर सकें।
दीपू यादव ने यह भी कहा कि पिछले कुछ महीनों में सोसायटियों के बाहर कई किसानों की मौत हो चुकी है और कई जगहों पर पुलिस ने किसानों को बलपूर्वक हटाया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश में रबी फसलों के मद्देनज़र खाद-बीज वितरण की पारदर्शी व्यवस्था तुरंत लागू की जाए।
इस मौके पर संगठन के कार्यकर्ता पूरण प्रधान, आस मोहम्मद, हरेंद्र, रोहित, अरुण, ऋषि, अजब, अनिल और संदीप आदि उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



