विकास योजनाओं का किया निरीक्षण
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ के अंतिम चरण के तहत पटना जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करोड़ों की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ ही जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे प्रशासनिक महकमे में भारी सक्रियता देखी गई। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री मुरादपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं और भोजनालय का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने वहां पढ़ रही छात्राओं से सीधा संवाद कर उनके रहन-सहन और शिक्षा की गुणवत्ता की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा योजना के अंतर्गत एम्स गोलंबर-जानीपुर-पईनापुर-नेवा पथ के चौड़ीकरण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। यह परियोजना पटना के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के लिए लाइफलाइन साबित होगी। फुलवारी शरीफ पहुंचने पर बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। सड़क किनारे हजारों की संख्या में खड़े आम लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, स्थानीय विधायक श्याम रजक सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके क्रियान्वयन की निगरानी खुद जमीन पर उतरकर कर रही है ताकि विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



