मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक दूजे के हुए 324 जोड़े, दाम्पत्य जीवन में बंधे

समाज जागरण, आदिवासी सुनील त्रिपाठी

चोपन/ सोनभद्र। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को रेलवे फुटबॉल मैदान, चोपन में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के कुशल पर्यवेक्षण में कुल 324 जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया, जिसमें 322 हिन्दू एवं 2 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। विकास खंडवार भागीदारी में चोपन से 77, कोन से 65, दुद्धी से 68, म्योरपुर से 59 तथा बभनी से 55 पात्र जोड़े शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान वैवाहिक रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं और समारोह स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोड़, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

वहीं जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला विकास अधिकारी, विभिन्न खंड विकास अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। शासनादेश के अनुसार प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता निर्धारित है। इसमें 60 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से कन्या के खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 25 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री जैसे पायल, बिछिया, वस्त्र, बिस्तर, डिनर सेट एवं सीलिंग फैन प्रदान किए गए। शेष 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था पर व्यय किए गए। इस अवसर पर बिरला कार्बन, रेनुकूट द्वारा भी नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री वितरित की गई।

साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सेल्फी प्वाइंट बनाकर जनजागरूकता फैलाने के साथ समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। यह आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए एक बड़ी सहायता साबित हुआ, जिससे सैकड़ों परिवारों को सामाजिक और आर्थिक राहत मिली तथा क्षेत्र में इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष संजय केशरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, प्रदीप अग्रवाल, राजन जायसवाल, विकास चौबे, राहूल सिंह, मीनू चौबे, सोनी रावत, शबनम मिश्रा, धर्मशिला देवी, धर्मेंद्र जायसवाल, आचार्य पं दिलीप पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा सहित भारी संख्या में लोग बाग मौजूद रहे संचालन मंडल महामंत्री विकास चौबे ने किया|

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)