
दैनिक समाज जागरण, आशीष कुमार सिंह, ब्युरो चीफ, पटना
पटना । मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित करने के पश्चात् आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सिविल सेवा दिवस 2023 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल आप सभी लोगों का मैं अभिनंदन करता हूं। देश में पहली बार 21 अप्रैल 1947 को तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सिविल सेवा के अधिकारियों को संबोधित किया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने वर्ष 2006 से 21 अप्रैल को प्रतिवर्ष सिविल सेवा दिवस मनाने की शुरुआत की। बिहार में पहली बार 21 अप्रैल 2016 को सिविल सेवा दिवस मनाना तय किया गया। कोरोना के कारण पिछले कुछ वर्षों में इसका आयोजन नहीं किया जा सका । ईद को लेकर इस वर्ष 21 अप्रैल को सिविल सेवा दिवस मनाना संभव नहीं हुआ, क्योंकि प्रशासन के अधिकारियों को कानून व्यवस्था एवं अन्य कार्यों के लिए उस दिन फिल्ड में रहना जरुरी था ताकि लोग शांतिपूर्ण ढंग से ईद मना सकें। आज के दिन इसका आयोजन किया गया है, इसमें शामिल होकर मुझे काफी खुशी हो रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति बनाना सरकार का काम होता है लेकिन सरकार के द्वारा तय की गई नीतियों का क्रियान्वयन करना आपलोगों का काम होता है। बिहार के सभी क्षेत्रों में काफी काम हुआ है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम करवाया गया है। पहले गरीबी के कारण माता-पिता अपने बच्चियों को 5वीं क्लास के बाद पढ़ने के लिए स्कूल नहीं भेज पाते थे। हमने पोशाक योजना की शुरुआत करायी ताकि बच्चियां स्कूल जा सकें। इसके बाद साइकिल योजना शुरु की गई। हमलोगों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति देना भी शुरु किया। विदेश के लोगों ने भी बिहार में चलायी गयी साइकिल योजना की काफी प्रशंसा की। स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। अस्पतालों के निर्माण के साथ-साथ मुफ्त दवा की व्यवस्था और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करायी गई। लोगों के लिए बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि आजकल नया दौर आ गया है। पहले किए गए कार्यों को आपलोग मत भूलिएगा। सभी चीजों को सोशल मीडिया पर डालिए ताकि नई पीढ़ी के लोग इससे अवगत रहें। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बिहार का प्रजनन दर काफी बढ़ा हुआ था। एक सर्वे में यह बात सामने आयी कि अगर पति-पत्नी में पत्नी मैट्रिक पास है तो देश का औसत प्रजनन दर 2 था जबकि बिहार का भी 2 ही था। पत्नी अगर इंटर पास है तो देश का प्रजनन दर 1. 7 था जबकि बिहार का 1.6 ही था। बिहार का प्रजनन दर अब 4.3 से घटकर 2.9 पर आ गया है। लड़कियों को पढ़ाने से प्रजनन दर और घटेगा। सभी के लिए शिक्षा बहुत ही जरूरी है। लड़कियां पढ़ेंगी तो प्रजनन दर और घटेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों से संबंधित समाचार बिहार में नहीं छपता था। हमने इसको लेकर संबंधित लोगों से अनुरोध किया था। अब शिक्षा और स्वास्थ्य की खबरें भी छपती है। अब लोगों को इसके बारे में जानकारी मिलती है। कोरोना के दौर में भी बिहार में काफी काम हुआ। देश में सबसे अधिक कोरोना की जाँच बिहार में हो रही है। देश में 10 लाख की आबादी पर कोरोना की औसत जांच 7 लाख के करीब है, जबकि बिहार में 10 लाख की आबादी पर कोरोना की औसत जांच 8.5 लाख से ज्यादा हो रही है। कोरोना की रिपोर्ट वर्ष 2020 से प्रतिदिन मेरे पास आती है। बिहार में हुए काम की चर्चा कहीं नहीं होती है। हमलोग काम करते हैं, प्रचार नहीं करते। आगे उन्होंने कहा कि बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति पैदा होने पर भी हमलोग पीड़ितों को सहयोग करते हैं। हमलोग सभी वर्गों के लिए काम करते हैं। वर्ष 2015 में हमने सात निश्चय योजना शुरु की। वर्ष 2020 में हमने सात निश्चय -2 योजना शुरु की। वर्ष 2005 एवं 2010 में भी हमने जो तय किया था, सरकार में आने के बाद उसे लागू किया। हर घर नल का जल योजना को मेंटेन रखना है। विभाग को देखना है कि इस योजना का लाभ सभी लोगों को मिलता रहे। सड़क, पुल-पुलियों एवं भवनों का निर्माण के साथ-साथ उसका मेंटेनेंस भी बहुत जरुरी है। पहले बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या काफी कम थी। हमने इसका नामकरण जीविका किया और इससे जुड़ी महिलाओं को जीविका दीदी कहा आज बिहार में स्वयं सहायता समूह की जितनी संख्या है उतनी देश में कहीं नहीं है। बिहार में 1 करोड़ 30 लाख महिलाएं जीविका समूह से जुड़ी हुई है। साधारण एवं गरीब परिवार की महिलाएं जीविका समूह से जुडी हुई हैं। समाधान यात्रा के दौरान हमने सभी जिलों में जीविका समूह की महिलाओं से संवाद किया था। जीविका समूह के काम और आगे बढ़ाना है ताकि इससे जुड़ी महिलाओं को और लाभ मिल सके और आमदनी बढ़े। उन्होंने कहा कि अब शहरों में जीविका समूह का गठन करें। शहरों में भी महिलाएं काफी तादाद में जीविका समूह से जुड़ेंगी। मौसम को लेकर इस बार भी आशंकाएं व्यक्त की गई हैं। आपदा पीड़ित परिवारों का राज्य के खजाने पर पहला अधिकार है। समय पर वर्षा नहीं होने एवं कई बार अत्यधिक वर्षा होने से परेशानी होती है। बदलते मौसम को लेकर सावधान रहना है। इस पर ध्यान देना है और हमलोगों को हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है। इसको लेकर तेजी से काम करें। गया, बोधगया एवं राजगीर में हमने गंगाजल पहुंचा दिया है। वर्ष 2011 में हमने बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम लागू किया। वर्ष 2016 में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम लागू किया गया। 60 प्रतिशत हत्याएं भूमि विवाद के कारण होती है। इसको लेकर हमने 2013 में सर्वे एवं सेटलमेंट का काम शुरु कराया। सर्वे एवं सेटलमेंट का काम तेजी से पूरा होने पर जमीन का झगड़ा कम हो जायेगा। बिहार देश का पहला राज्य था जहां एरियल सर्वे का काम सबसे पहले कराया गया। जल्द से जल्द सर्वे एवं सेटलमेंट का काम पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि समाधान यात्रा के दौरान हमनें लोगों की बातों को सुनी है। लोगों की समस्याओं के समाधान पर आपलोग ध्यान दीजिए। इसको लेकर जो भी करना होगा हमलोग करेंगे। कोई काम अगर समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है तो उसे पूर्ण कराएं। विशेष राज्य का दर्जा मिलने से बिहार का और तेजी से विकास होता नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में हमलोग जाति आधारित गणना करवा रहे हैं। जनगणना कराना केंद्र सरकार का काम है। हमलोग जाति आधारित गणना करवा रहे हैं फिर भी इसे जगह-जगह पर चैलेंज किया जा रहा है। यह मेरी समझ से परे है। आखिर जाति आधारित गणना से किसी को क्या परेशानी हो सकती है। यह गणना किसी के खिलाफ नहीं है। बिहार में हो रहे जाति आधारित गणना का काम कई दूसरे राज्य के लोग भी देखना चाहते हैं। वे लोग भी अपने-अपने राज्यों में इसे करवायेंगे। पहली बार देश में 10 साल के बाद जनगणना नहीं हो रही है। वर्ष 2011 में जाति आधारित जनगणना करवायी गई थी लेकिन उसकी रिपोर्ट को पब्लिश नहीं किया गया। हमलोगों ने प्रधानमंत्री से मिलकर जाति आधारित जनगणना की मांग की थी। इसमें सभी दलों के प्रतिनिधि शामिल थे लेकिन बात नहीं मानी गई। बिहार विधानमंडल से दो बार सर्वसम्मति से जाति आधारित जनगणना को लेकर प्रस्ताव पास कर केंद्र सरकार को भेजा गया था। उन्होंने कहा कि विकास का जो काम हो रहा है उसे और आगे बढ़ाएं, सभी अधिकारी अच्छा कार्य कर रहे हैं। सभी मेहनत कर रहे हैं। आपलोग पूरी मजबूती से विकास का काम कीजिए। बिहार ऐतिहासिक और पौराणिक जगह है। आप सभी पूरी मुस्तैदी और मेहनत से कार्य करें ताकि बिहार और आगे बढ़े। बिहार आगे बढ़ेगा तो देश भी आगे बढ़ेगा। हम आपका सम्मान करते हैं। आपको और सहयोग की जहां जरूरत हो, हमलोग करेंगे। सिविल सेवा दिवस के अवसर पर आप सभी को बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार तथा मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव डॉ० बी० राजेन्दर ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न एवं हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा दिवस ‘स्मारिका का भी विमोचन किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



