google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

संविधान रक्षार्थ मार्च को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, 26 नवंबर को रांची में जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता

जिला स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को मजबूत करने, वोट बचाओ अभियान और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर बनी रणनीति, ग्राम स्तर पर जनचौपाल आयोजित करने का निर्णय

दैनिक समाज जागरण 19.11.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के तत्वावधान में गुरुवार को जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति की बैठक जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों और संविधान, लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी शशि भूषण राय तथा सम्मानित अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू और प्रदेश सचिव सह पंचायत चुनाव प्रबंधन कमेटी के प्रदेश समन्वयक चंदन सिंह उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में सभी अतिथियों का अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। बैठक का संचालन कार्यालय प्रभारी सह जिला उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने किया। उन्होंने निर्धारित एजेंडे पर प्रकाश डालते हुए संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आगामी 26 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाले संविधान रक्षार्थ मार्च को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसके अलावा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और यह सुनिश्चित करने की अपील की गई कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया गया।

बैठक में वोट बचाओ-देश बचाओ, संविधान की रक्षा और देश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रखंड, मंडल, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर जनचौपाल आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।

संगठनात्मक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से करें निर्वहन : परविंदर सिंह

जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्देशित सभी कार्यक्रमों को धरातल पर उतारना जिला कमेटी के प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है। संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और सक्रियता के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना होगा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना होगा।

पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव में जनचौपाल लगाकर वोट बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। राहुल गांधी द्वारा लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों और इंडिया गठबंधन की भूमिका को जनता के सामने मजबूती से रखें। उन्होंने पेसा कानून की बारीकियों और इसके तहत मिलने वाले अधिकारों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने को भी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया।

26 नवंबर के कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों की भागीदारी अनिवार्य : शशि भूषण राय

जिला प्रभारी शशि भूषण राय ने कहा कि 26 नवंबर को रांची में आयोजित संविधान रक्षार्थ मार्च में पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी पदाधिकारियों की भागीदारी अनिवार्य है। जिला, प्रखंड एवं मंडल कमेटी के साथ सभी मंच और मोर्चा के पदाधिकारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों से भी कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, वरिष्ठ नेता खगेनचन्द्र महतो, आशुतोष सिंह, अरुण सिंह, जसवंत सिंह जस्सी, महामंत्री राजेश चौधरी, अतुल गुप्ता, मकसूद आलम, ज्योति मिश्र, सुनील प्रसाद, अमित श्रीवास्तव, उदय कुमार सिंह, राजकिशोर प्रसाद, बबलू नौशाद, किशनलाल महतो, गुरदीप सिंह काके, सुखदेव सिंह मल्ली, राकेश साहू, सचिव अजय शर्मा, शिल्पी चक्रवर्ती, रंजीत सिंह, रंजीत झा, लव कुमार निराला, ईशान पात्रा, गीता सिंह, सुशीला पांडेय, देवेंद्र कुमार, पंकज कुमार, सुल्तान अहमद, तनवीर खान, फिरोज खान, शिवनंदन सिंह, सीबू, सूरज मुंडा, संदीप मिश्रा एवं नमिता सिंह उपस्थित रहे।

इसके अलावा प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, विजय पांडेय, शमशेर खान, मुसाबनी के डॉ. मनोज महतो, शिशु लाल महतो, सुशील कुमार तिवारी, रणजीत सिंह कल्लू, विक्की सिंह, सेवादल चेयरमैन राजा सिंह राजपूत, महिला अध्यक्ष नलिनी सिन्हा, आदिवासी कांग्रेस चेयरमैन हेमेंद्र हांसदा, अजा चेयरमैन लखिंदर करुआ, ओबीसी चेयरमैन प्रताप यादव, नगर अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, आरटीआई चेयरमैन कमलेश कुमार, सोशल मीडिया चेयरमैन राजकुमार वर्मा, मंडल अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा, रूबी ठाकुर, प्रितपाल सिंह, संतोष कुमार सिंह, जुगसलाई नगर अध्यक्ष, मनोज उपाध्याय एवं लक्की शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। अंत में जिला उपाध्यक्ष अंसार खान ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)