कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने और कालाबाजारी रोकने की मांग
कटनी। देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही कमरतोड़ महंगाई और घरेलू गैस सिलेंडर की आसमान छूती कीमतों के विरोध में शुक्रवार को बड़वारा मुख्यालय पर कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने जोरदार हल्ला बोला। ब्लॉक कांग्रेस और युवा कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड स्थित मशीन चौक पर धरना दिया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़ी मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रही जनता कांग्रेस
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत आर्थिक नीतियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए समझौतों का नतीजा आज पूरे देश की गरीब और मध्यमवर्गीय जनता भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों के कारण देश एक बार फिर 90 के दशक में पीछे चला गया है। आज उज्ज्वला योजना के सिलेंडर शोपीस बन गए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोग फिर से चूल्हे पर खाना पकाने को मजबूर हैं। वहीं पेट्रोल-डीजल के लिए जनता को भारी किल्लत और बढ़ी हुई कीमतों का सामना करना पड़ रहा है।
गैस की किल्लत और कालाबाजारी पर आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय स्तर पर गैस वितरण व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विकास निगम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की जमकर कालाबाजारी हो रही है। बिचौलिए गरीबों का हक मार रहे हैं, जिस पर प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर वितरण करने वाली गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। उपभोक्ता परेशान हैं, प्रशासन अविलंब इन गाड़ियों को नियमित रूप से गांवों में भिजवाना सुनिश्चित करे।
चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
महंगाई के अलावा कांग्रेस ने स्थानीय जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिंह बघेल ने कहा कि बड़वारा क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कीमतें बेलगाम हो चुकी हैं, जिससे आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। इसके अलावा उन्होंने बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। मरीजों को न तो समय पर इलाज मिल रहा है और न ही दवाइयां। कांग्रेस ने स्थानीय प्रशासन और सरकार से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारा जाए ताकि गरीबों को समुचित इलाज मिल सके।
धरना स्थल पर पहुंचे स्थानीय तहसीलदार को कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों को नियंत्रित नहीं किया गया, गैस की सुचारू सप्लाई शुरू नहीं हुई और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था नहीं सुधरी, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



