वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
30 जुलाई। पोठिया प्रखंड के टीपीझाड़ी पंचायत अंतर्गत जालु चौक स्थित उच्च विद्यालय भवन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा भवन का हैंडओवर नहीं किए जाने के कारण यह उपयोग में नहीं आ पा रहा है। इससे छात्र-छात्राएं आधुनिक एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से भवन बंद पड़ा है और उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भवन की दीवारों एवं अन्य हिस्सों में दिखाई दे रही खामियां निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संदेह उत्पन्न करती हैं। इस संबंध में सामने आए वीडियो में भी भवन की स्थिति चिंताजनक प्रतीत हो रही है, जिससे ग्रामीणों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की तकनीकी जांच नहीं कराई गई और आवश्यक सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं भवन निर्माण विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए, गुणवत्ता की सभी खामियों को दूर किया जाए तथा आवश्यक सुधार के बाद विद्यालय भवन का शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।
स्थानीय लोगों ने यह भी मांग की है कि जांच में यदि निर्माण कार्य में लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और प्रशासन को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



