google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

तेघरिया गायत्री शक्तिपीठ में श्रद्धा, साधना और गुरुभक्ति के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
30 जुलाई। शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में तेघरिया स्थित गायत्री शक्तिपीठ में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, साधना और गुरुभक्ति के वातावरण में पूरे उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान गुरु के प्रति आस्था, भारतीय संस्कृति के आदर्शों और आत्मिक उत्थान का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ, जप और दीप महायज्ञ में भाग लेकर विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।


गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर 12 घंटे का अखंड गायत्री महामंत्र जप आयोजित किया गया। इसके उपरांत विराट दीप महायज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साथ ही प्रखंड के सभी प्रज्ञापीठ, चरणपीठ एवं शक्तिपीठों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने आहुति अर्पित कर समाज में सद्भाव, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का संकल्प लिया।


गायत्री परिवार के सहायक ट्रस्टी मिक्की साहा ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मानुशासन, आत्मविश्लेषण, श्रद्धा और ज्ञान के प्रति समर्पण का महापर्व है। उन्होंने कहा कि गुरु हमारे जीवन के अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर सत्य, सदाचार और आत्मज्ञान की ओर अग्रसर करते हैं। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक योगदान दे सकता है।


कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च सम्मान प्राप्त है। गुरु ही मनुष्य को सही दिशा देकर उसके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने युवाओं से नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा समाज में सेवा, संस्कार और सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर माता गुजरी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत, मुख्य ट्रस्टी सुदामा राय, परमानंद यादव, धनंजय जायसवाल, मनीष जालान, विमल मित्तल, सौरभ झवर, प्रवीर प्रसन्न, हेमंत चौधरी, छवि दुर्गा, नेहा, जिला संयोजक सौरभ कुमार सहित गायत्री परिवार के अनेक सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गायत्री आरती, प्रसाद वितरण और राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)