श्रीभूमि जिले के आदर्श कृष्णनगर, दुल्लभछड़ा व आसपास के क्षेत्रों में एयरटेल नेटवर्क समस्या से उपभोक्ता परेशान

श्रीभूमि संवाददाता, दैनिक समाज जागरण
श्रीभूमि जिले के दुल्लभछड़ा, आदर्श कृष्णनगर, छनटील्ला और जयनगर समेत विस्तृत क्षेत्र में एयरटेल नेटवर्क की गंभीर समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। स्थानीय ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ महीनों से एयरटेल का 4G–5G नेटवर्क बेहद कमजोर हो गया है, जिसके चलते न तो सुचारू कॉलिंग हो पा रही है और न ही इंटरनेट का उपयोग संभव हो रहा है।

ग्राहकों के अनुसार, 4G नेटवर्क तो घर के अंदर सीमित रूप से उपलब्ध रहता है, लेकिन 5G सेवा नाम मात्र की रह गई है। जैसे ही उपभोक्ता घर के अंदर प्रवेश करते हैं, नेटवर्क पूरी तरह से बंद हो जाता है। कई ग्राहकों ने बताया कि उन्होंने बेहतर सेवा की उम्मीद में 3 महीने से लेकर सालाना पैक तक रिचार्ज कराए थे, लेकिन नेटवर्क बाधित रहने से उनका आर्थिक नुकसान बढ़ रहा है।

दूर-दराज़ इलाकों में रहने वाले लोग परिवार के सदस्यों से संपर्क बनाए रखने और दैनिक जरूरतों के लिए इंटरनेट पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में नेटवर्क की खराबी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। विद्यार्थियों, ऑनलाइन कार्य करने वालों और व्यवसायियों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित उपभोक्ताओं ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा एयरटेल के जिले स्तरीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। उपभोक्ताओं की मांग है कि एयरटेल कंपनी तत्काल तकनीकी जांच कर क्षेत्र में मजबूत 4G/5G नेटवर्क उपलब्ध कराए, ताकि लोगों को बेहतर और भरोसेमंद सेवा मिल सके।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)