सुपरटेक अपकंट्री तिराहे से पुलिस ने दबोचा, आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे भी दर्ज
समाज जागरण संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। दनकौर थाना क्षेत्र में वाहन को रगड़ लगने के विवाद में दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू और एक ऑल्टो कार बरामद की है। बरामद कार को पुलिस ने पहले ही सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 13 अक्टूबर 2026 की है। दनकौर थाना क्षेत्र में वाहन संख्या यूपी16बीएल3266 में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने शिकायतकर्ता के बेटे की गाड़ी को रगड़ मार दी थी। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के बेटे और उसके दोस्त पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया था। हमले में दोनों युवक घायल हो गए थे। मामले में शिकायत के आधार पर थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी नीरज उर्फ जार्डन पुत्र ज्ञानेन्द्र को 21 नवंबर 2026 को सुपरटेक अपकंट्री तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बुलंदशहर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के गांव सोझना झाया का निवासी है और उसकी उम्र करीब 27 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक अवैध चाकू और ऑल्टो कार बरामद की है।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, आगरा और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस अधिनियम के तहत तीन मामले शामिल हैं। वर्तमान मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 324, 3(4), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



