नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2025
दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में एक छात्रा पर एसिड फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह लगभग 10:52 बजे दीपचंद बंधु अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवती को जलने की गंभीर चोटों के साथ भर्ती कराया गया है।

डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली, भिषम सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। युवती ने अपने बयान में बताया कि जब वह कॉलेज जा रही थी, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उस पर तेजाब फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने तीन आरोपियों — जितेंद्र, अरमान और ईशान — के नाम बताए हैं। इनमें से जितेंद्र को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना हाथ होने से इंकार किया है और कहा है कि घटना के समय वह किसी अन्य स्थान पर था।
डीसीपी भिषम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर दिशा में जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य एकत्र कर रही है ताकि घटना की सटीक जानकारी मिल सके। साथ ही, आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की भूमिका की पुष्टि के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



