दैनिक समाज जागरण 27.05.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर/घाटशिला : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को खड़गपुर स्टेशन से घाटशिला स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे संरचना, परिचालन व्यवस्था और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल पथ, सिग्नल प्रणाली, यात्री सुविधाओं तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस निरीक्षण यात्रा में खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय समेत दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय और मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महाप्रबंधक को विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और परिचालन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
घाटशिला पहुंचने के बाद महाप्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म उन्नयन, स्टेशन सौंदर्यीकरण, यात्री प्रतीक्षालय, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा, प्रकाश व्यवस्था तथा आधुनिक यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं ताकि यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
महाप्रबंधक ने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दक्षिण पूर्व रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके तहत स्टेशन परिसरों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने और तकनीकी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इसके बाद घाटशिला में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश चरण, डीआरएम खड़गपुर ललित मोहन पांडेय तथा डीआरएम चक्रधरपुर तरुण हुरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, ट्रेनों के परिचालन, स्टेशन विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद विद्युत वरण महतो ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार, स्टेशन परिसरों में बेहतर व्यवस्था और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप नई सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सांसद ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों में रेल यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में रेलवे को यात्री सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।
महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने बैठक में कहा कि दक्षिण पूर्व रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है और भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के बाद महाप्रबंधक और सांसद ने संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण और यात्री सेवाओं में सुधार को लेकर जानकारी साझा की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि रेलवे विकास योजनाओं को तेजी से पूरा कर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।



