मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी का किया दर्शन-पूजन, निर्माणाधीन गंगा घाटों का लिया जायजा; जनसभा में युवाओं, शिक्षकों और विकास योजनाओं पर की चर्चा
मीरजापुर, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को विंध्याचल पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गंगा नदी पर निर्माणाधीन पक्के घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विंध्याचल के कालीखोह मोड़ पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम में कॉरिडोर निर्माण से श्रद्धालुओं को दर्शन में बड़ी सुविधा मिली है और अब भक्त सुगमता से मां के दर्शन कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:40 बजे मोतिया झील स्थित हेलीपैड पहुंचे। यहां से विंध्याचल मंदिर जाकर मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। नगर विधायक एवं तीर्थ पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने उन्हें दर्शन-पूजन कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री पक्का घाट पहुंचे और गंगा नदी पर निर्माणाधीन घाटों की प्रगति की जानकारी जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार से ली।
धार्मिक पर्यटन से बढ़े रोजगार के अवसर
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में विंध्याचल मंदिर कॉरिडोर, अयोध्या के राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास किया गया है। धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम का कॉरिडोर इस बदलाव का जीवंत उदाहरण है। प्रयागराज का महाकुंभ, मां विंध्यवासिनी धाम और काशी विश्वनाथ धाम इस बात के प्रमाण हैं कि आस्था के केंद्र आर्थिक गतिविधियों को भी गति दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। धार्मिक स्थलों के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और प्रदेश की पहचान मजबूत हुई है।
विंध्याचल मंडल में दो मेडिकल कॉलेज और दो विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। विंध्याचल मंडल में दो मेडिकल कॉलेज और दो राज्य विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं। मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय, मीरजापुर और काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही जैसे संस्थानों से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। मीरजापुर और सोनभद्र में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार से भी क्षेत्र को लाभ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत नीट, आईआईटी, जेईई, यूपीएससी और लोक सेवा आयोग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जा रही है। विद्यार्थी इसका लाभ ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से ले सकते हैं।
62 लाख युवाओं को मिले टैबलेट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजना दो करोड़ युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराने की है, जिसमें अब तक 62 लाख युवाओं को टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। इसके माध्यम से युवाओं को डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने एक जनपद, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिला है और रोजगार सृजन को गति मिली है।
15 लाख शिक्षकों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के स्ववित्तपोषित संस्थानों सहित करीब 15 लाख शिक्षकों को उनके परिवार के साथ प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा भी दी जा रही है। किसी घटना या दुर्घटना की स्थिति में पात्रता के अनुसार 40 लाख रुपये से डेढ़ करोड़ रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। सरकार शिक्षण संस्थानों के कायाकल्प और शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार पर भी काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भयमुक्त वातावरण, बेहतर कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया है।
सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा प्रदेश : नंदी
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान और छवि में बदलाव आया है। सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास और एक जनपद, एक उत्पाद योजना प्रदेश की नई पहचान बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड से पश्चिमांचल और अवध से पूर्वांचल तक प्रदेश के जनपदों और गांवों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सरकार की उपलब्धि : आशीष पटेल
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई दिशा दी है। युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रियाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं और परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए जा रहे हैं। पुलिस एवं होमगार्ड भर्ती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय महामंत्री, काशी क्षेत्र विद्याधर तिवारी ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री संजीव गौड़, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, विधायक रत्नाकर मिश्र, एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, विधायक अनुराग सिंह, रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिस्मिता मौर्या, रिंकी कोल, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष राम लौटन बिंद, विधायक भूपेश चौबे, विपुल दुबे, नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मंदिर दर्शन और घाटों के निरीक्षण के दौरान अपर महानिदेशक नवीन अरोड़ा, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



