- व्यवसायिक विविधीकरण व कंप्यूटरीकरण पर दिया गया जोर
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
14 मार्च।
सहकारिता विभाग के तत्वावधान में खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में पैक्स अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विशाल राज ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में किशनगंज जिले के कुल 126 पैक्स तथा सात व्यापार मंडलों के अध्यक्ष एवं प्रबंधक उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पैक्सों में व्यवसायिक विविधीकरण को प्रोत्साहित करना, समितियों की आय में वृद्धि करना तथा उन्हें सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाना था।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पैक्स का कार्य केवल अधिप्राप्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए। देश के अन्य राज्यों में सहकारी समितियाँ विभिन्न प्रकार के व्यवसायों से जुड़कर सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में भी पैक्सों को बहुआयामी गतिविधियों को अपनाते हुए आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सहकारिता विभाग के माध्यम से विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनका प्रभावी क्रियान्वयन पैक्सों के माध्यम से किया जाना है।
कार्यशाला के दौरान प्रमंडलीय संयुक्त निबंधक, पूर्णिया प्रमंडल अमजद हयात बर्क ने पैक्सों के कंप्यूटरीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि समितियों को अपनी कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए कंप्यूटर आधारित प्रणाली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यों को कागजरहित बनाते हुए कंप्यूटर के माध्यम से व्यवसाय करने से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि कार्यों का सुगम एवं त्वरित निष्पादन भी संभव होगा।
इस अवसर पर समितियों के अंकेक्षण, Common Services Centres (सामान्य सेवा केंद्र), समितियों के लोकतांत्रिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों, उद्यमिता विकास तथा पैक्सों में व्यवसायिक विस्तार से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही कार्यशाला में उपस्थित पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों से उनकी समस्याओं एवं सुझावों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला में जिला सहकारिता पदाधिकारी अमरनाथ कपूर, जिला अंकेक्षण पदाधिकारी फैसल अली, National Bank for Agriculture and Rural Development (नाबार्ड) के जिला विकास प्रबंधक दयानंद कुमार, मुख्य सहकारिता प्रसार पदाधिकारी मनीष रंजन एवं विनोद कुमार मिश्रा सहित सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, कार्यपालक सहायक तथा सहकारिता विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।



