मोतीबाग में कचरा डंपिंग यार्ड से उठ रहा जहरीला धुआं, लोग परेशान

  • प्रशासन की अनदेखी से बढ़ा संकट, स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
14 मार्च।किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र के मोतीबाग वार्ड संख्या 7 में सड़क किनारे बने कचरा डंपिंग यार्ड से उठ रहे जहरीले धुएं और दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है। वर्षों से यहां जमा कचरे में आग लगने की घटनाएं होती रही हैं, जिससे आसपास के इलाकों में लगातार जहरीला धुआं फैल रहा है और लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों के अनुसार कचरे के ढेर में लगी आग कई दिनों तक सुलगती रहती है और उससे निकलने वाला धुआं लगभग तीन किलोमीटर तक फैल जाता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। बरसात का पानी पड़ने के बाद भी कचरे में लगी आग पूरी तरह नहीं बुझती और अंदर ही अंदर सुलगती रहती है। बताया जाता है कि करीब पांच एकड़ क्षेत्र में फैले कचरे के ढेर में आग फैल चुकी है, जिस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूरे शहर का कचरा मोतीबाग में डंप किया जाता है और समय-समय पर उसमें आग भी लगा दी जाती है, जिससे उठने वाला घना धुआं और जहरीली गैसें लोगों के लिए गंभीर स्वास्थ्य खतरा बन गई हैं। कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ, खांसी, दमा और अन्य बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से तंग आकर कुछ लोग मोहल्ला छोड़ चुके हैं, जबकि कई अन्य लोग पलायन करने पर मजबूर हैं।


स्थानीय निवासी एवं हॉस्टल संचालक दिलीप कुमार झा ने बताया कि कई वर्षों से यह समस्या बनी हुई है। धुएं और दुर्गंध के कारण छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


वार्डवासियों का कहना है कि डंपिंग यार्ड के आसपास लगभग 2500 लोगों की आबादी रहती है, जो इस जहरीले धुएं और प्रदूषण से प्रभावित हो रही है। इलाके में मक्खी-मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
गौरतलब है कि मोतीबाग वार्ड संख्या 7 में वर्षों से शहर का कचरा और अन्य अवशिष्ट पदार्थ डंप किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर परिषद किशनगंज और जिला प्रशासन को आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। वार्डवासियों का आरोप है कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)