google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मुक्तिधाम मार्ग का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

कुलदीप सिंह | लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी। शहर से मुक्तिधाम को जाने वाले जर्जर मार्ग के दुरुस्तीकरण की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने संबंधित अधिकारियों की टीम के साथ मुक्तिधाम मार्ग का पैदल स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क की वर्तमान हालत, दोनों ओर हुए अतिक्रमण और निर्माण से जुड़ी तकनीकी आवश्यकताओं को बारीकी से देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए सड़क निर्माण का विस्तृत खाका तैयार किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग नगरवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और जनहित से जुड़ा हुआ है। इस सड़क का उपयोग लोग मिनी बाईपास के रूप में भीरा, पलिया, निघासन, तिकुनिया, ढकेरवा व धौरहरा जाने के लिए करते हैं, जिससे महेवागंज–मेला मैदान–इमली चौराहा मार्ग पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलती है। ऐसे में इस मार्ग का निर्माण अत्यंत आवश्यक है और इसे शीघ्र कराया जाएगा।

डीएम ने एसडीएम सदर को निर्देश दिए कि संबंधित निर्माण एजेंसियों से जर्जर मार्ग की नाप कराकर जल्द से जल्द एस्टीमेट तैयार कराया जाए, ताकि आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।

मुक्तिधाम इसी मार्ग पर स्थित होने के कारण नगरवासियों को लंबे समय से आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, ईओ संजय कुमार, पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत के अभियंता तथा राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)