लखीमपुर खीरी। भगवानदीन आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती एवं जन्म शताब्दी वर्ष के समापन समारोह का आयोजन प्राचार्या प्रोफेसर गीता शुक्ला की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन नोडल प्रभारी एवं अर्थशास्त्र विभाग की सहायक आचार्य वीना चौरसिया तथा अंग्रेजी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. राखी चौहान द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिकाएं डॉ. सुरचना त्रिवेदी, श्रीमती शिवांगी सक्सेना एवं डॉ. प्रीती सिंह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में संस्कृत विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुरचना त्रिवेदी ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी कविताएं आशावाद से परिपूर्ण थीं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिंदी में भाषण देकर भाषा और राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम को प्रदर्शित किया। अटल जी एक बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
प्राचार्या प्रोफेसर गीता शुक्ला ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने अपने विचारों, व्यवहार और कार्यों से देश को नई दिशा दी। वे तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे और सदैव जनहित को सर्वोपरि रखा। अटल जी केवल एक सफल राजनेता ही नहीं, बल्कि प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि, विचारशील लेखक और सच्चे राष्ट्रभक्त भी थे। उनकी वाणी में सरलता और विचारों में गहराई थी। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हुए सुशासन की मिसाल पेश की। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने अपने समय में थे।
अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला में सनातन धर्म बालिका इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय समापन समारोह का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता एवं एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक की उपस्थिति में पुरस्कृत किया गया।
इस प्रतियोगिता में भगवानदीन आर्य कन्या महाविद्यालय की पंचम सेमेस्टर की छात्रा आस्था वर्मा को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ₹10,000 का चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला सह-समन्वयक एवं महाविद्यालय की प्राचार्या की उपस्थिति रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अतिथिगण, प्रतिभागी छात्र एवं छात्राएं मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



