google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

केजीबीवी के औचक निरीक्षण में डीएम सख्त, सुरक्षा, उपस्थिति और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
31 जुलाई। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने शुक्रवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), किशनगंज नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं की उपस्थिति, छात्रावास, रसोईघर, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्राओं की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम मिलने पर जिला पदाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा बीमार छात्राओं के समुचित उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने अवकाश पर रहने वाली छात्राओं के अभिलेखों एवं अवकाश रजिस्टर का भी निरीक्षण कर उसकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। साथ ही नामांकित सभी छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए वार्डन एवं विद्यालय प्रशासन को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।


डीएम ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी छात्राओं को समय पर सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराने, उसके सुरक्षित भंडारण तथा नियमित वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की पूर्व छात्राओं का विवरण तैयार करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार एवं सेवाओं में कार्यरत पूर्व छात्राओं को विद्यालय में आमंत्रित कर वर्तमान छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्राओं के अनुभव, संघर्ष और सफलता की कहानियां वर्तमान छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी तथा उन्हें अपने भविष्य के प्रति अधिक जागरूक और आत्मविश्वासी बनाएंगी।


जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, खाद्य सामग्री के रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में डीएम नवीन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्राओं की उपस्थिति, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता तथा विद्यालय की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाएं, ताकि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और प्रेरक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)