वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 स्थित डुमरिया भट्टा की पुराना भाजपा कार्यालय गली इन दिनों बदहाल स्थिति में है। गली में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। आरोप है कि नगर परिषद की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है। कई दिनों से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण गली में गंदगी का बड़ा ढेर जमा हो गया है। तेज धूप और उमस के कारण कचरा सड़ने लगा है, जिससे उठने वाली दुर्गंध ने आसपास के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को नाक और मुंह ढंककर घरों से निकलना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि गली धीरे-धीरे अस्थायी डंपिंग जोन में तब्दील होती जा रही है। गंदगी के कारण मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके न तो वार्ड पार्षद ने समस्या की सुध ली है और न ही नगर परिषद प्रशासन ने कोई ठोस पहल की है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है। वार्ड में नियमित कचरा उठाव और सफाई के दावों की जमीनी हकीकत डुमरिया भट्टा की यह गली बयां कर रही है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
वार्डवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से तत्काल कचरे का उठाव कराने, नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने और क्षेत्र को गंदगी से मुक्त कराने की मांग की है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



