वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, अर्राबाड़ी, किशनगंज द्वारा पोठिया प्रखंड के आमबाड़ी (बुधरा पंचायत) में 97वें किसान संवाद एवं पशुचिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लाभ उठाया।
कार्यक्रम की आयोजिका डॉ. आकृति अन्ना ने बताया कि यह शिविर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. चंद्रहास के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य पशुपालकों के द्वार पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा पशुपालन से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना है।
शिविर के दौरान लगभग 30 पशुपालक परिवारों से उनके घर-घर जाकर संपर्क किया गया और उन्हें वैज्ञानिक पशुपालन, आधुनिक तकनीकों तथा महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आयोजित पशुचिकित्सा शिविर में 95 पशुपालकों के कुल 234 छोटे-बड़े पशुओं का उपचार किया गया। पशुओं में पाई जाने वाली समस्याओं जैसे कृमि संक्रमण, खान-पान एवं पाचन संबंधी दिक्कतें, गर्भधारण में समस्या तथा दुग्ध उत्पादन से जुड़ी परेशानियों का उपचार एवं परामर्श दिया गया।
शिविर में आवश्यक दवाइयों, खनिज तत्वों एवं कृमिनाशक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
शिविर से लाभान्वित पशुपालकों ने गांव में इस तरह की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय एवं वैज्ञानिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



