दैनिक समाज जागरण 11.02.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर गोलमुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार अपराधियों ने कन्हैया यादव नामक युवक पर अचानक हमला कर कई राउंड गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। इस घटना में कन्हैया यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसे तीन से अधिक गोलियां लगी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे और निशाना साधकर लगातार फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल कन्हैया यादव को तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी सुधीर चौधरी और गोलमुरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
घायल कन्हैया यादव नामदाबस्ती ए-ब्लॉक, रेल लाइन किनारे हनुमान मंदिर के पास का निवासी है। वह फल का कारोबारी है और परसुडीह मंडी से अपना व्यवसाय संचालित करता है। बताया जाता है कि उसके पिता, जो ‘पहलवान’ नाम से जाने जाते थे, टिनप्लेट चौक पर फल का ठेला लगाते थे।
थाना और सिटी डीएसपी कार्यालय के बेहद नजदीक दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



