google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

भेलाटोपी गाँव के चाय बागान क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता को लेकर वन विभाग की सतर्कता एवं जागरूकता की अपील

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
ठाकुरगंज प्रखंड के भेलाटोपी गाँव, बेसरबाटी पंचायत अंतर्गत चाय बागान क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से तेंदुए की नियमित आवाजाही एवं दिखाई देने की सूचनाएँ प्राप्त हो रही हैं। वन विभाग द्वारा की गई स्थानीय पूछताछ, फील्ड विजिट एवं सूचना संकलन के दौरान उक्त क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र पदाधिकारी (Range Officer), वन विभाग एवं उनकी टीम द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों, चाय बागान कर्मियों एवं आसपास के निवासियों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत तेंदुए के व्यवहार, संभावित जोखिम तथा मानव–वन्यजीव संघर्ष से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।
क्या करें—

अंधेरा होने के बाद अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें तथा संभव हो तो 2–4 लोगों के समूह में आवागमन करें।
बाहर निकलते समय टॉर्च एवं डंडा साथ रखें।
बच्चों एवं बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजें तथा बच्चों पर सतत निगरानी रखें।
घर एवं आसपास की झाड़ियों को साफ रखें।
पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बाँधकर रखें।
तेंदुआ दिखाई देने पर घबराएँ नहीं, धीरे-धीरे पीछे हटें, अचानक पीठ करके न भागें तथा उसे जंगल की ओर सुरक्षित जाने का रास्ता दें।
ग्रामीण आपस में समन्वय बनाए रखें एवं सतर्क रहें।
क्या न करें—

तेंदुए पर तीर, गोली, पत्थर, माला, पत्यार अथवा किसी भी प्रकार की वस्तु न फेंकें।
तेंदुए को घेरने, पकड़ने अथवा उसे नुकसान पहुँचाने का प्रयास न करें। तेंदुए के पास जाकर फोटो या वीडियो बनाने का प्रयास न करें।तेंदुए को डराने, उकसाने या उसके पीछे दौड़ने की कोशिश न करें।बच्चों को अकेला बाहर न छोड़ें एवं झाड़ियों में शौच के लिए न जाएँ।
गंदगी न फैलाएँ, कचरा इधर-उधर न फेंकें, जिससे आवारा कुत्ते आकर्षित हों और उनके पीछे तेंदुए की आवाजाही बढ़े।किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएँ।
किसी भी आपात स्थिति अथवा तेंदुए की उपस्थिति की सूचना तत्काल वन विभाग (मोबाइल: 8969667587) अथवा पुलिस (डायल 112) को दें।

वन विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया जाता है कि तेंदुआ एक संरक्षित वन्यजीव है तथा सामान्यतः उसका उद्देश्य मानव को नुकसान पहुँचाना नहीं होता। विभाग द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर सभी आवश्यक प्रबंधनात्मक एवं सुरक्षात्मक कदम त्वरित रूप से उठाए जाएंगे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)