पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की कुल्लू में मौत, परिवार में शोक की लहर

दैनिक समाज जागरण 25.02.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर

जमशेदपुर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते एवं बाबूलाल सोरेन के बड़े पुत्र वीर सोरेन (21 वर्ष) का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में असामयिक निधन हो गया। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही सोरेन परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ कुल्लू-मनाली घूमने गए थे। बताया जाता है कि वह कुल्लू में अपने दोस्तों के साथ बर्फ में खेलने गए थे, जहां उन्होंने स्कीइंग भी की। इसके बाद वह होटल लौटे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए।


साथ मौजूद दोस्तों द्वारा उन्हें तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन एवं बाबूलाल सोरेन को दी गई, जिसके बाद परिवार के सदस्य तुरंत कुल्लू के लिए रवाना हो गए हैं।
परिजनों ने फिलहाल किसी भी तरह की पुष्टि करने से इनकार किया है। उनका कहना है कि वहां पहुंचने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि आखिर वीर सोरेन की मौत किन कारणों से हुई। अभी परिजन सदमे में हैं और कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।


बताया जाता है कि बाबूलाल सोरेन के दो पुत्र हैं, जिनमें वीर सोरेन बड़े बेटे थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना को लेकर फिलहाल हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वीर सोरेन के निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक एवं पारिवारिक स्तर पर शोक संदेशों का सिलसिला शुरू हो गया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)