दैनिक समाज जागरण 25.02.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर नगर की प्रसिद्ध धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री श्याम रात्रि ग्यारस निशान यात्रा समिति के तत्वावधान में निरंतर 171 महीनों से आयोजित की जा रही श्री श्याम निशान यात्रा का 172वां भव्य आयोजन आगामी 27 फरवरी (शुक्रवार) को सायं 7 बजे से किया जाएगा।
यह जानकारी समिति के पदाधिकारियों अनिल मोदी, विमल अग्रवाल एवं अनिल खंडेलवाल ने बिष्टुपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह शुक्ल पक्ष की एकादशी को आयोजित होने वाली यह पावन यात्रा इस बार भी पूरे श्रद्धा, भक्ति एवं भव्यता के साथ निकाली जाएगी।
साकची से जुगसलाई तक निकलेगी यात्रा
यह निशान यात्रा साकची शिव मंदिर से प्रारंभ होकर साकची एवं बिष्टुपुर की मुख्य सड़कों से गुजरते हुए जुगसलाई वैकुंठधाम मंदिर में संपन्न होगी। यात्रा से पूर्व पुरोहितों द्वारा समस्त निशानों की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।
3000 से अधिक श्रद्धालु निशान लेकर होंगे शामिल
समिति ने बताया कि इस भव्य यात्रा में लगभग 3000 महिला एवं पुरुष श्रद्धालु अपने हाथों में पवित्र निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारों के साथ शामिल होंगे, जबकि उनके साथ हजारों भक्त परिवार सहित पदयात्रा करेंगे। अनुमान है कि कुल मिलाकर करीब 5000 श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
आकर्षण का केंद्र रहेगा चलंत दरबार
यात्रा की विशेष पहचान बाबा श्याम का चलंत विशेष दरबार होगा, जिसे आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। इसके साथ एक चलंत वाहन भी रहेगा, जिसमें श्याम भजन गायक भजनों की प्रस्तुति देंगे और पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
छप्पन भोग एवं फूलों से होली
यात्रा के दौरान बाबा श्याम को छप्पन भोग एवं 36 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। बाद में इसे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। श्याम भक्त पूरे मार्ग में बाबा श्याम से फूलों एवं इत्र से होली खेलते हुए भक्ति भाव प्रकट करेंगे।
खाटू श्याम धाम की अनुभूति
समिति ने बताया कि फाल्गुन माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी दिन राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर में विशाल मेले का आयोजन होता है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। जो भक्त खाटू धाम नहीं जा पाते, उनके लिए यह निशान यात्रा बाबा श्याम की आराधना का अनुपम अवसर प्रदान करती है।
निशान कूपन वितरण केंद्र
श्याम भक्तों की सुविधा हेतु निशान कूपन वितरण केंद्र निम्न स्थानों पर बनाए गए हैं –
जितेंद्र फैन्सी स्टोर (जुगसलाई)
रुचिका स्टोर (जुगसलाई चौक बाजार)
बाबा कलेक्शन (साकची चुना लाइन)
पी.एन. चौधरी जरी वाला (साकची झंडा चौक)
खंडेलवाल कंप्यूटर (जुगसलाई)
जोशी बर्तन भंडार (मानगो)
मुरारी मिष्टान्न भंडार (बाराद्वारी)
सिंघानिया इंटीरियर्स (स्टेट माइल रोड, साकची)
गिरधारी लाल खेमका (साकची शिव मंदिर के सामने)
26 फरवरी को मेहंदी उत्सव
निशान यात्रा से एक दिन पूर्व 26 फरवरी को जुगसलाई शिव मंदिर में मंडल की महिलाओं द्वारा मेहंदी उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाएं अपने हाथों में बाबा श्याम के नाम की मेहंदी रचाकर अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगी।
श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
समिति ने जमशेदपुर के समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे इस भव्य श्री श्याम निशान यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें।
इस आयोजन में मुख्य रूप से अनिल मोदी, विमल अग्रवाल, अनिल खंडेलवाल, रतन मैंगोतिया, गौरव खंडेलवाल, नितेश अग्रवाल, हैप्पी धानुका, विष्णु जगनानी, हितेश पारीक, सुनील खंडेलवाल, संदीप अग्रवाल, पंकज चौधरी, अमित संघी, रोहित खंडेलवाल, मनोज मोदी, मनीष कसेरा, अरविंद मोदी, अनित अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, संकटा सिंह, मोहन पटवारी, विक्की अग्रवाल, नीरज भूत, अमित पोहार, अनिल गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।



