प्रशिक्षुओं और शिक्षिकाओं ने हाथों में रचाई मेंहदी, हरे रंग के परिधान में रंग छाई हरियाली
रैंप वॉक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बिखेरी सतरंगी छटा
मनोज कुमार ब्यूरो चीफ दैनिक समाज जागरण हजारीबाग।
हजारीबाग। गौतम बुद्ध शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय मुकुंदगंज, हजारीबाग में बुधवार को सावन महोत्सव की रिमझिम फुहारें बरसीं। इसमें प्रशिक्षु, शिक्षिकाएं और शिक्षकेत्तरकर्मी भी हौले-हौले भीगे। इस दौरान कॉलेज कैंपस में चहुंओर मनभावन सावन की हरियाली छा गई। प्रशिक्षु और शिक्षिकाओं ने हाथों में आकर्षक मेंहदी रचाई, तो हरे परिधान में हरी बिंदिया ने माहौल को और भी आकर्षक, खुशनुमा और उत्साहवर्द्धक बना दिया। इस क्रम में प्रशिक्षुओं के बीच प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। रैंप वॉक के दौरान गीत, संगीत और नृत्य से सजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ऐसी सतरंगी छटा बिखरी कि रंगीन समां बंध गया। सभी ने सावन महोत्सव का खूब लुत्फ उठाया और मस्ती की। छात्र वर्ग की मेंहदी प्रतियोगिता में विकास और अमित अव्वल आए। वहीं आकाश धीरज और सत्यम क्रमवार दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं छात्राओं में दीपशिखा प्रथम, रूपा द्वितीय और नीतू व साइबा परवीन संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चुनी गईं। बिंदी लगाओ प्रतियोगिता में अंजलि ने बाजी मारी। वहीं आकाश और आनंद क्रमवार दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। रैंप वॉक में रूपा राजश्री सबकी पसंदीदा रहीं और पहला स्थान हासिल किया। मुस्कान अंसारी और अंजलि संयुक्त रूप से दूसरे और नाहिदा व अतिथि तीसरे स्थान पर जगह बनाया। इससे पहले प्राचार्या डॉ बसुंधरा कुमारी समेत अन्य सहायक प्राध्यापकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सावन महोत्सव का शुभारंभ किया। प्राचार्या ने सावन महोत्सव मनाए जाने के उद्देश्य और इसके साहित्यिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से सभी को अवगत कराया।

मौके पर सहायक प्राध्यापक अशोक कुमार, अनिल कुमार, एस.एस.मैती, जगेश्वर रजक, कुमारी अंजलि, डॉ गुलशन कुमार, रचना कुमारी, डाॅ अनुरंजन कुमार, वर्षा कुमारी, डॉ मीरा कुमारी समेत पूरा कॉलेज परिवार मौजूद था।



