संस्था द्वारा जारी 41 दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का प्रभात फेरी के साथ समापन

: विद्यालय के 700 विद्यार्थियों ने महा ग्रन्थ गीता को दिया सम्मान

: गीता को जीवन में उतार कर देखें मिलेगा हर समस्या का समाधान: सावित्री यादव

: गीता हर व्यक्ति के लिए है मार्गदर्शक: भारद्वाज

दैनिक समाज जागरण, ( महेन्द्र जावला बहल )

भिवानी। सदाचारी शिक्षा समिति एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति द्वारा आयोजित 41 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का समापन गुरुवार को भव्य प्रभात फेरी और संकल्प समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर विवेकानंद हाई स्कूल के लगभग 700 विद्यार्थियों ने गीता ग्रंथ को नमन करते हुए मार्गों पर शांति, सद्भाव और ज्ञान का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर समाज में गीता के प्रचार-प्रसार का आह्वान किया।

महोत्सव के दौरान बीते 41 दिनों में गीता श्लोक ट्रेनर विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने घर-घर, विद्यालयों, सोशल मीडिया और विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से गीता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। इस अवधि में चेतना रैली, सेमिनार, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, नाटक तथा अष्टादश गीता श्लोक उच्चारण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम संयोजक, भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज तथा विवेकानंद हाई स्कूल की निदेशक सावित्री यादव ने बताया कि विद्यार्थियों को लगातार 41 दिनों तक गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज के मार्गदर्शन में गीता अध्ययन से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को न केवल गीता के श्लोक सिखाए गए, बल्कि उसके जीवनोपयोगी संदेशों को भी समझाया गया।

सावित्री यादव ने कहा कि यदि गीता के सिद्धांतों को जीवन में उतार लिया जाए तो जीवन की हर समस्या का समाधान सहज रूप से मिल सकता है। वहीं अशोक भारद्वाज ने कहा कि गीता हर व्यक्ति के लिए मार्गदर्शक है और विद्यार्थी जीवन में चरित्र, अनुशासन और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

संस्थाओं का लक्ष्य है कि हर घर गीता से जुड़े और समाज में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच तथा आध्यात्मिक चेतना का विस्तार हो। 41 दिवसीय यह अभियान इसी उद्देश्य को समर्पित रहा, जिसका समापन आज संकल्प के साथ किया गया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)